अमृतसर , मई 28 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रो. सरचांद सिंह ख्याला ने केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किये जाने पर उन्हें बधाई देते हुए इसे पार्टी और पंजाब की राजनीति के लिए ऐतिहासिक तथा दूरदर्शी फैसला बताया है।

प्रो. ख्याला ने गुरुवार को कहा कि श्री ढिल्लों एक अनुभवी, जनाधार वाले और मजबूत संगठनात्मक क्षमता रखने वाले नेता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी अगुवाई में पंजाब भाजपा और अधिक मजबूत होगी तथा राज्य की राजनीति में नया अध्याय लिखेगी। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति पंजाब के उज्ज्वल भविष्य, जनकल्याण और विकासमुखी राजनीति को नयी दिशा देगी।

इस अवसर पर प्रो. ख्याला ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा रखते हुए भाजपा को पंजाब में एक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में स्थापित करने के लिए अथक मेहनत की है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा राष्ट्रहित, जनकल्याण और विकास की राजनीति में विश्वास करती आई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर नयी उपलब्धियां हासिल की हैं।

प्रो. ख्याला ने कहा कि पंजाब में भी भाजपा विकास, निवेश, युवाओं के रोजगार तथा सामाजिक और सांस्कृतिक एजेंडे को मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व को मजबूत करें और श्री मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के संदेश को पंजाब के हर घर तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पंजाब भाजपा लोगों का भरोसा और मजबूत करते हुए राज्य को तरक्की, खुशहाली और विकास की नयी राह पर ले जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित