नयी दिल्ली , सितम्बर 15 -- पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर पर 70 लाख पाकिस्तानी रुपये के इनाम की घोषणा को दिखावटी करार देते हुए भारत ने कहा है कि केवल इनाम की घोषणा नहीं बल्कि पाकिस्तान सरकार को ठोस कार्रवाई करते हुए अजहर को गिरफ्तार करना चाहिए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को यहां साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान इस बारे में पूछे गये सवाल के जवाब में कहा कि केवल इनाम की घोषणा का कोई मतलब नहीं है पाकिस्तान को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की इस तरह की दिखावटी हरकतें आंखों में धूल झोंकने की कोशिश है। यह कोई नयी बात नहीं है । पाकिस्तान इस तरह की हरकतें पहले भी करता रहा है। इन खोखली घोषणाओं का कोई मतलब नहीं है और पाकिस्तान को ठोस कार्रवाई करते हुए मसूद अजहर को गिरफ्तार करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान की ओर से यह दिखावटी कार्रवाई अक्टूबर में होने वाली वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) की पूर्ण बैठक से पहले की गयी है। पाकिस्तान की कोशिश है कि ऐसा करने से वह दोबारा ग्रे लिस्ट में जाने से बच सकता है। कार्रवाई से बचने और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने के लिए पाकिस्तान ने 2021 में दावा करना शुरू किया था कि मसूद अजहर अब उसके देश में नहीं है और अफगानिस्तान भाग गया है। उसी साल पाकिस्तान की संघीय जांच एजेन्सी ने उस पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये का इनाम घोषित किया था। पांच साल बाद अब यह इनाम बढ़ाकर 70 लाख पाकिस्तानी रुपये कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित