भोपाल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की हर समस्या का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने गुरुवार को बुरहानपुर जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित केले उत्पादक किसानों के खातों में 107 करोड़ 82 लाख रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन से वर्चुअल माध्यम से बुरहानपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि मई और जून में प्रतिकूल मौसम के कारण बुरहानपुर नगर, बुरहानपुर ग्रामीण, नेपानगर और खकनार तहसीलों के 188 गांवों के 8 हजार 115 किसानों की केले की फसल प्रभावित हुई थी। राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है और राहत राशि उनके लिए संबल का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि जब तक प्रभावित किसानों के चेहरों पर फिर से मुस्कान नहीं लौट आती, तब तक राज्य सरकार हरसंभव सहायता करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को पवित्र श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए जिला कलेक्टरों को कांवड़ यात्राओं के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए 16 विभागों के समन्वय से कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, उद्यानिकी फसलों तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुरहानपुर अपनी उद्यानिकी फसलों, विशेषकर केले, हल्दी और कपास के लिए प्रसिद्ध है। केले के रेशे से तैयार कपड़े एवं अन्य उत्पाद ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-विदेश में पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर केवल कृषि उत्पादन ही नहीं, बल्कि प्रसंस्करण, वैल्यू एडिशन और निर्यात का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।
उन्होंने बताया कि कपास उत्पादक किसानों को राहत देने के लिए कपास पर मंडी टैक्स आधा किया गया है तथा बुरहानपुर के किसानों को धार में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क का भी लाभ मिलेगा। साथ ही सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से जिले में सिंचित रकबा बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महाराष्ट्र के साथ ताप्ती मेगा रिचार्ज परियोजना पर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्वालियर को टेलीकॉम सेक्टर के विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए गुरुवार को नई दिल्ली में भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
कार्यक्रम में बुरहानपुर में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद ज्ञानेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री एवं विधायक अर्चना चिटनिस सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित रहे। विधायक श्रीमती चिटनिस ने बताया कि रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री को बुरहानपुर से केले के रेशे से निर्मित राखी भेंट की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित