धमतरी , सितंबर 19 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में एक दंतैल हाथी के विचरण को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के कई गांवों में आज हाई अलर्ट जारी किया है। विभागीय अमला हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

वन विभाग से शनिवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है। उसके आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर जाने की आशंका जताई गई है। इसके मद्देनजर जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों के ग्रामीणों को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

वन विभाग की टीम पीपरछेड़ी और कमारपारा समेत हाथी के संभावित विचरण वाले क्षेत्रों में निगरानी कर रही है। गांवों में मुनादी के जरिए लोगों को हाथी के नजदीक नहीं जाने और उसे किसी भी तरह परेशान नहीं करने की समझाइश दी जा रही है। हाथी दिखाई देने की स्थिति में तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना देने की अपील भी की गई है।

बताया गया है कि दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। उसकी गतिविधियों को देखते हुए आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग हाथी की लोकेशन और मूवमेंट की लगातार निगरानी कर उसके आधार पर ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित