तिरुवनंतपुरम , अक्टूबर 09 -- केरल के मुख्य चुनाव अधिकारी डी. साजित बाबू ने राज्यभर में मतदाता सूची में सुधार और नये मतदाताओं के पंजीकरण के लिए एक विशेष अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि 15 से 31 अक्टूबर तक ग्राम पंचायत कार्यालय के आसपास फॉर्म के वितरण के साथ ही डिजिटल हेल्प डेस्क बनाये जायेंगे।
इस बारे में जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किये गये हैं, जो इस अभियान को लागू करने में समन्वय करेंगे। जो लोग मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाना चाहते हैं, उन्हें फॉर्म 6 जमा करना होगा। आवेदन तय हेल्प डेस्क के ज़रिए या मतदाता हेल्पलाइन ऐप के ज़रिए किये जा सकते हैं। आवेदकों को आवेदन के साथ पहचान, उम्र और पते के सबूत के तौर पर स्वीकृत दस्तावेज में से कोई एक जमा करना होगा। दिशा-निर्देश के मुताबिक जो लोग आधार को सबूत के तौर पर देंगे, उन्हें एक अतिरिक्त सहायक दस्तावेज भी जमा करना होगा।
इसके बाद बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) अपने मतदान केंद्र के इलाके में घरों का दौरा करेंगे और आवेदनों में दी गयी जानकारी की जांच करेंगे। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) को निर्देश दिया गया है कि वे 1 जनवरी, 2025 को लागू मतदाता सूची और विधानसभा चुनावों के बाद लागू हुई सूची के बीच बड़ी गड़बड़ियों की जांच करें।
ईआरओ उन आवेदनों की भी जांच करेंगे जो विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान वापस नहीं किये गये थे और चुनावों के बाद जारी मतदाता सूची में शामिल नहीं किये गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित