तिरुवनंतपुरम , सितंबर 30 -- केरल के 18वें अंतरराष्ट्रीय वृत्तचित्र और लघु फिल्म महोत्सव (आईडीएसएफएफके) में मराठी फिल्म 'भिंतीला पाठ' ने 'लघु कल्पित' (शॉर्ट फिक्शन) श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीता, जबकि मलयालम वृत्तचित्र 'क्लोज़ अप अप क्लोज़ - द मेकिंग ऑफ पॉलिटिकल यूबीयू' को सर्वश्रेष्ठ 'दीर्घ वृत्तचित्र' (लॉन्ग डॉक्यूमेंट्री) चुना गया।
यह महोत्सव बुधवार को संपन्न हुआ।
शेखर बापू रणखांबे निर्देशित और वैभव कांबले तथा आदित्य तांबे निर्मित फिल्म 'भिंतीला पाठ' को दो लाख रुपये और एक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
जूरी ने अंधविश्वास के हास्यप्रद लेकिन मार्मिक चित्रण, सहज कहानी और कलाकारों के अभिनय की सराहना की, जिसने कहानी में जान डाल दी।
कमल केएम निर्देशित और सुधा पद्मजा फ्रांसिस व प्रकाश बारे निर्मित 'क्लोज अप अप क्लोज - द मेकिंग ऑफ पॉलिटिकल यूबीयू' को भी दो लाख रुपये और एक प्रमाण पत्र मिला।
जूरी ने इस बात के लिए फिल्म की प्रशंसा की कि कैसे केरल के अभिनेताओं के एक समूह ने 1896 के एक फ्रांसीसी अराजकतावादी पाठ को समकालीन संदर्भ दिया। जूरी ने रंगमंच के माध्यम से लालच, सत्ता और सत्तावाद जैसे विषयों के संवेदनशील चित्रण को भी सराहा।
वहीं देबलिना मजूमदार निर्देशित और समता बिस्वास निर्मित बंगाली फिल्म 'फ्रेंड्स ऑफ जिलिपीबाला' ने सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र का पुरस्कार जीता, जिसके तहत एक लाख रुपये और एक प्रमाण पत्र दिया गया।
जूरी ने 12 वर्षों के अवलोकन पर आधारित इस बंगाली फिल्म को एक संवेदनशील और राजनीतिक रूप से प्रासंगिक रचना बताया। इसमें जानवरों, पेड़ों और एक बच्चे की उपस्थिति को प्रमुखता देते हुए अन्य जीवों के साथ इंसान के संबंधों पर सवाल उठाये गये हैं।
आशुतोष जारे निर्देशित और अतुल तरडे व आशुतोष जारे निर्मित 'कोल डिगर्स ऑफ इंडिया' ने दूसरा सर्वश्रेष्ठ लघु वृत्तचित्र का पुरस्कार जीता, जिसमें 50,000 रुपये और एक प्रमाण पत्र शामिल है।
जूरी ने कोयला-आधारित विकास की मानवीय और पर्यावरणीय लागत की समीक्षा करते हुए आग, जहरीली हवा, धंसती जमीन और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के बीच जीने व काम करने वाले लोगों के सटीक और बेबाक चित्रण को सराहा।
सृष्टि गर्ग निर्देशित और शिवानी यादव निर्मित 'लूनर बर्ड्स' को विशेष जूरी मेंशन मिला। यह फिल्म उन महिलाओं पर आधारित है, जो रात को एक ऐसे स्थान के रूप में पुनः अपना रही हैं जहां वे बिना किसी डर के जी सकती हैं, काम कर सकती हैं, घूम सकती हैं और सपने देख सकती हैं।
दीर्घ वृत्तचित्र श्रेणी में सुगंधि गदाधर निर्देशित और रघुनाथ "राणा" बेलूर निर्मित 'माई ऑटर डायरी' को दूसरा सर्वश्रेष्ठ दीर्घ वृत्तचित्र चुना गया और इसे एक लाख रुपये तथा एक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
अमेय गोरे निर्देशित और विकास कुमार व शारिब खान निर्मित 'गोइंग सोलो' को विशेष जूरी मेंशन प्राप्त हुआ। यह फिल्म जीत की इच्छा, पहचान और शारीरिक क्षमता से जूझती दो महिलाओं का आत्मीय चित्रण प्रस्तुत करती है, साथ ही खेल उपलब्धियों के पीछे की कमियों और सहयोग प्रणालियों का भी विश्लेषण करती है।
कैंपस फिल्म्स श्रेणी में मोहम्मद जसील के. निर्देशित और साउथ इंडियन फिल्म अकादमी निर्मित मलयालम फिल्म 'मर्राह' ने सर्वश्रेष्ठ कैंपस फिल्म का पुरस्कार जीता, जिसके तहत 50,000 रुपये और एक प्रमाण पत्र मिला।
जूरी ने फिल्म की प्रामाणिक प्रस्तुति, प्रभावी अभिनय और इसके अंत को सराहा जो एक टीस और लालसा छोड़ जाता है। विष्णु पुष्करन निर्देशित और अशोक कुमार पी.बी.निर्मित 'ओझुक्कू' (मलयालम) को मुख्य पात्र की यात्रा के कुशल चित्रण और इसके आशावादी अंत के लिए विशेष जूरी मेंशन मिला।
लघु फिल्म श्रेणी में सहादेब दास निर्देशित और शिबचंद्र दास निर्मित बंगाली फिल्म 'ए माउस एंड ए मैन/खाबजोमीन' ने दूसरा सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीता, जिसमें एक लाख रुपये और एक प्रमाण पत्र शामिल है।
डार्विन अन्नाकुमार निर्देशित और निशांत मसीलामणि निर्मित तमिल फिल्म 'मरम मरनकोथी' को प्रकृति और मनुष्यों के संबंधों की भावना को जीवंत करते हुए एक प्रासंगिक मुद्दे को प्रस्तुत करने के लिए विशेष जूरी मेंशन मिला।
शुभांगी भुजबल ने फिल्म 'एन ऑयस्टर लाइफ' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनय का पुरस्कार जीता। जूरी ने उनके यथार्थवादी और संयमित प्रदर्शन की सराहना की। नसीम आजाद को डिजिटल माध्यम का उपयोग कर ग्रामीण जीवन को रंगीन और जादुई तरीके से प्रस्तुत करने के लिए फिल्म 'पैराडाइज फॉल' के लिए सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफर चुना गया।
सजीश स्वामीनाथन को 'क्लोज़ अप अप क्लोज़ - द मेकिंग ऑफ पॉलिटिकल यूबीयू' के लिए वृत्तचित्र में सर्वश्रेष्ठ संपादन का 'कुमार टॉकीज पुरस्कार' मिला। इस पुरस्कार में 20,000 रुपये और एक प्रमाण पत्र शामिल है।
जूरी ने फिल्म के संपादन की संरचना की सराहना की, जो रिहर्सल और मंच, जीवन और राजनीति तथा शरीर और वेशभूषा के बीच संतुलन बनाते हुए नाट्य अभिव्यक्ति की ऊर्जा और गतिशीलता को बनाये रखती है।
प्रेमकृष्णा अक्काट्टू ने 'ऑटो क्वींस' के लिए वृत्तचित्र में सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी का 'शशि आनंद मेमोरियल पुरस्कार' जीता। फिल्म निर्माता शशि आनंद की स्मृति में उनके परिवार द्वारा स्थापित इस पुरस्कार के तहत 25,000 रुपये और एक प्रमाण पत्र दिया जाता है।
जूरी ने बातचीत, यात्राओं और बदलते शहरी परिदृश्य को कैमरे में कैद करने की क्षमता की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित