तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 24 -- मौसम विभाग ने केरल में लू की चेतावनी जारी करते हुए अगले कुछ दिनों में तापमान में तेज वृद्धि और अत्यधिक उमस की संभावना जताई है।

विभाग के अनुसार, पलक्कड़ में तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस और त्रिशूर में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि कोल्लम में करीब 39 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है। कोट्टायम, पठानामथिट्टा, एर्नाकुलम, कोझिकोड, मलप्पुरम, कन्नूर, कासरगोड और अलप्पुझा जैसे जिलों में तापमान 37 से 38 डिग्री के बीच रह सकता है। तिरुवनंतपुरम में तापमान लगभग 36 डिग्री रहने की संभावना है, जो सामान्य से तीन से पांच डिग्री अधिक है।

पलक्कड़ और त्रिशूर के कुछ स्थानों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य अधिकांश जिलों में 24 से 26 अप्रैल के बीच गर्म और उमस भरे मौसम के लिए येलो अलर्ट लागू है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस अवधि में तापमान सामान्य औसत से काफी अधिक रह सकता है, जिससे असामान्य रूप से तेज गर्मी का अनुभव होगा।

विभाग ने चेतावनी दी है कि यह स्थिति विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और दीर्घकालिक बीमारियों से ग्रस्त लोगों के लिए स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकती है। दोपहर 11 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच गर्मी से संबंधित समस्याएं जैसे ऐंठन और त्वचा संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। लोगों को सलाह दी गयी है कि वे धूप में अधिक समय तक रहने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा कठिन कार्य सुबह या शाम के समय करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित