तिरुवनंतपुरम , जनवरी 13 -- केरल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पूर्व विधायक आयशा पोट्टी के कांग्रेस में शामिल होने से राज्य में नई राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं और इस तरह से उनका वामपंथी पार्टी के साथ करीब 30 साल पुराना रिश्ता समाप्त हो गया है।

सुश्री पोट्टी ने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम में पार्टी के विरोध-प्रदर्शन स्थल पर औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ली। विरोध-प्रदर्शन मंच पर विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने पार्टी में उनका स्वागत किया।

गौरतलब है कि कोल्लम जिले के कोट्टारक्करा से तीन बार की विधायक पोट्टी कुछ समय से माकपा से दूरी बनाए हुए थीं। चुनावों से पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह कांग्रेस में शामिल हो जाएंगी, जिसे हाल के दिनों में और भी बल मिला। कांग्रेस के मंचों पर उनकी मौजूदगी अब पार्टी में उनके औपचारिक प्रवेश में बदल गई है।

राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि सुश्री पोट्टी कोट्टारक्करा से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की उम्मीदवार बन सकती हैं। सुश्री पोट्टी ने 2006 में कोट्टारक्करा में श्री आर. बालकृष्ण पिल्लई को 12,968 वोटों के अंतर से हराकर राज्य की राजनीति में अपनी पहली पहचान बनाई थी। उन्होंने 2011 में इस अंतर को बढ़ाकर 20,592 वोट करके अपनी स्थिति और मजबूत की और 2016 में 42,632 वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल कर केरल विधानसभा में लगातार तीसरी बार अपनी सीट पक्की की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित