कोझिकोड , अप्रैल 14 -- केरल विधानसभा चुनावों की मतगणना में अभी दो सप्ताह से अधिक का समय शेष होने के साथ ही, कांग्रेस के भीतर संभावित मुख्यमंत्री पद के लिए होड़ मच गयी है।
श्री वी.डी. सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने समर्थन हासिल करने के लिए मौजूदा विधायकों और चुनाव लड़ने वाले नये उम्मीदवारों तक पहुंचते हुए सक्रिय रूप से पैरवी शुरू कर दी है।
श्री सतीशन और श्री चेन्निथला दोनों निजी फोन कॉल और बैठकों के माध्यम से समर्थन जुटा रहे हैं। दोनों नेता चुनाव अभियान के समन्वय और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के अच्छे प्रदर्शन को सुनिश्चित करने में निभायी गयी अपनी भूमिका की याद दिला रहे हैं। वे यूडीएफ के पक्ष में विभिन्न सामाजिक समूहों को लामबंद करने का दावा भी कर रहे हैं।
मोर्चे की ओर से श्री सतीशन को एक मजबूत दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। आंतरिक सर्वेक्षणों ने पहले उनके नेतृत्व के लिए एक मजबूत प्राथमिकता का संकेत दिया था। हालांकि, श्री चेन्निथला को शीर्ष पद के लिए एक मजबूत चुनौती के रूप में माना जाता है।
यदि यूडीएफ जीतती है तो श्री चेन्निथला अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए संभावित पार्टी विधायकों के बीच समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। विपक्ष के वर्तमान नेता के रूप में श्री सतीशन भी एलडीएफ सरकार के खिलाफ विपक्ष के हमले का नेतृत्व कर रहे हैं। श्री सतीशन का खेमा उनके आक्रामक संसदीय प्रदर्शन को उनकी प्राथमिक योग्यता के रूप में बताता है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष और केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष रहे श्री चेन्निथला पार्टी संगठन में गहरी जड़ें रखते हैं तथा वह राज्य के विभिन्न सामाजिक समूहों में महत्वपूर्ण प्रभाव के साथ एक मजबूत दावेदार बने हुए हैं।
पूर्व केपीसीसी अध्यक्ष के. सुधाकरण ने खुले तौर पर कहा है कि वह चाहते हैं कि यूडीएफ के सत्ता में आने पर रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री बनें। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी.जे. कुरियन ने भी सार्वजनिक रूप से श्री चेन्निथला का समर्थन किया है।
इस बीच, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की राज्य स्तरीय राजनीति में संभावित वापसी के बारे में अटकलें लगाई जा रही हैं।
केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने यूडीएफ को जनादेश मिलने पर के.सी. वेणुगोपाल के केरल के मुख्यमंत्री बनने की संभावना से इनकार नहीं किया है। श्री जोसेफ ने श्री वेणुगोपाल को एक शीर्ष नेतृत्व दावेदार के रूप में समर्थन दिया है। साथ ही यह भी कहा है कि अंतिम निर्णय आलाकमान के पास है।
कांग्रेस के सूत्रों का संकेत है कि के.सी. वेणुगोपाल वर्तमान में मुख्यमंत्री-दौड़ में 'प्रतीक्षा करो और देखो' की स्थिति में हैं। उन्होंने स्वयं टिकट वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और यह सुनिश्चित किया कि राज्य में संभावित निर्वाचित विधायकों के बीच उनके लिए पर्याप्त समर्थन आधार हो। उन्होंने हालांकि चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन उनके शुभचिंतकों के अनुसार यह उनके लिए दावा पेश करने में बाधक नहीं होगा। श्री सतीशन और श्री चेन्निथला खेमे भी इससे वाकिफ हैं।
फिलहाल, कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए श्री सतीशन और श्री चेन्निथला मुख्य दावेदार हैं। हालाँकि, दोनों खेमे कथित तौर पर श्री वेणुगोपाल के दावेदारी का विरोध करने में भी एकजुट हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित