तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस पर केरल में एक बड़ा राजनीतिक आयोजन किया गया जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित मरारजी भवन में आयोजित मुख्य समारोह में श्री अमित शाह ने कड़ी सुरक्षा के बीच पार्टी का ध्वज फहराया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

श्री अमित शाह ने 1980 में पार्टी की स्थापना से लेकर अब तक के सफर को याद करते हुए कहा कि भाजपा देश का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है। उन्होंने केरल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने का भरोसा जताया।

उन्होंने केरल में पार्टी की बढ़ती ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि 2009 के बाद से भाजपा का वोट शेयर लगातार बढ़ा है, पार्टी ने अपना पहला विधायक चुना और तिरुवनंतपुरम में मेयर पद भी हासिल किया, जो इसके बढ़ते प्रभाव का संकेत है।

श्री शाह ने कहा कि एनडीए की सरकार बनने पर तिरुवनंतपुरम को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) हब के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही, राज्य के अन्य जिलों में भी स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा, आईटी और शिपबिल्डिंग जैसे क्षेत्रों में विशेष विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

श्री शाह ने लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) दोनों पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वाम सरकार का विकास मॉडल केवल केंद्र की योजनाओं का "रीब्रांडिंग" है। उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा और कहा कि एनडीए सरकार बनने पर भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता में आने पर सोना तस्करी जैसे मामलों में शामिल लोगों को दो महीने के भीतर जेल भेजा जाएगा। साथ ही, महिलाओं के लिए विशेष कल्याण योजनाएं, मुफ्त एलपीजी से जुड़ी सहायता और पेयजल योजनाओं को मजबूत करने का वादा किया।

हरिपद को भाजपा का एक अहम "ए-क्लास" निर्वाचन क्षेत्र माना जा रहा है, जहां पार्टी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। इस सीट पर कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला भी सक्रिय हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

अपने चुनावी कार्यक्रम के तहत श्री शाह ने अलप्पुझा जिले के हरिपद में भाजपा उम्मीदवार संदीप वाचस्पति के समर्थन में रोड शो किया। गांधी स्क्वायर से माथा जंक्शन तक निकाले गए इस रोड शो में भारी बारिश के बावजूद हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।

रोड शो के बाद अमित शाह तिरुवनंतपुरम लौटे और वहां से दिल्ली रवाना हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित