कोच्चि , मई 20 -- सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि वैश्विक स्तर पर तेल एवं गैस क्षेत्र को प्रभावित करने वाली मौजूदा अनिश्चितताओं के बावजूद केरल में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति एवं वितरण पूरी तरह सामान्य और निर्बाध रूप से जारी है।
तेल कंपनियों ने कहा कि उनके टर्मिनल, डिपो, एलपीजी बॉटलिंग संयंत्र और खुदरा बिक्री केंद्रों सहित व्यापक आपूर्ति नेटवर्क के माध्यम से ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उद्योग पूरी तरह तैयार है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन वितरण सुचारु रूप से जारी है तथा निर्धारित सुरक्षा एवं परिचालन मानकों के अनुरूप बिना किसी प्रतिबंध के आपूर्ति बनाये रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि आपूर्ति शृंखला में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और वास्तविक उपभोक्ता मांग को पूरा करने के लिए लगातार पुनः पूर्ति की जा रही है। घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है तथा केरल भर में सिलेंडर वितरण सुचारु ढंग से किया जा रहा है।सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां नागरिकों को निर्बाध ऊर्जा उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लॉजिस्टिक्स, स्टॉक प्रबंधन और वितरण योजना के समन्वय पर लगातार नजर बनाये हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि समग्र आपूर्ति स्थिति स्थिर है और इसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
उपभोक्ताओं से सामान्य खरीद व्यवहार बनाये रखने और अनावश्यक घबराहट में ईंधन की खरीद से बचने की अपील की गयी है। साथ ही लोगों से ईंधन उपलब्धता से संबंधित सही और प्रमाणित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने को कहा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित