तिरुवनंतपुरम , सितंबर 02 -- केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बुधवार को राज्य में नारियल विकास बोर्ड के सहयोग से एक 'कोकोनट पार्क' स्थापित करने की घोषणा की। इसकामुख्य उद्देश्य आधुनिक प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और निर्यात बाजार के लिए गुणवत्तापूर्ण नारियल उत्पादों के उत्पादन को बढ़ावा देना है।
तिरुवनंतपुरम में 'विश्व नारियल दिवस 2026' के राष्ट्रीय समारोह का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्रीने यह एलान करते हुए कहा कि प्रस्तावित कोकोनट पार्क राज्य के नारियल क्षेत्र में उद्यमिता, निवेश और बाजार विकास के लिए नये अवसर पैदा करेगा। श्री सतीशन ने कम पैदावार वाले नारियल बागानों के जीर्णोद्धार, पैदावार बढ़ाने, वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने और निर्यात बाजारों को विकसित करने के लिए एक व्यापक रणनीति का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री राम नाथ ठाकुर ने नारियल के सांस्कृतिक, पोषण संबंधी और आर्थिक महत्व पर प्रकाश डाला और पारंपरिक क्षेत्रों से परे नारियल की खेती के विस्तार का आह्वान किया।
केरल के कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी ने कहा कि राज्य सरकार कोकोनट पार्क की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि और सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नारियल आधारित उत्पादों के निर्यात को मजबूत करने के लिए अगले तीन महीनों के भीतर निर्यातकों और हितधारकों के साथ परामर्श शुरू किया जाएगा।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के नारियल विकास बोर्ड द्वारा केरल कृषि विभाग के सहयोग से आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में देश भर से 1,500 से अधिक किसानों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित