नयी दिल्ली , मई 05 -- केरल में नई सरकार के गठन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं और मुख्यमंत्री पद के चयन पर मंथन अंतिम चरण में पहुंच गया है।
कांग्रेस आलाकमान ने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठ नेताओं अजय माकन और मुकुल वासनिक को पर्यवेक्षक के रूप में राज्य भेजा है। दोनों नेता बुधवार शाम केरल पहुंचेंगे। दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात के बाद वे रवाना होंगे। केरल कांग्रेस विधायक दल की बैठक गुरुवार सुबह आयोजित की जाएगी, जिसमें विधायक अपनी राय रखेंगे।
केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त दोनों पर्यवेक्षक विधायकों से बातचीत कर अपनी रिपोर्ट कांग्रेस आलाकमान को सौंपेंगे। इसी रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई दिग्गज नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें वीडी सतीशन, सनी जोसेफ, रमेश चेन्निथला, केसी वेणुगोपाल और शशि थरूर जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित