कन्नूर , अप्रैल 01 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि आगामी केरल चुनाव में सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (यूडीएफ) की मिलीभगत की राजनीति का अंत हो जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में दोनों पार्टियां इंडिया गठबंधन के अंतर्गत एकजुट हैं जबकि केरल में वे राजनीतिक लड़ाई लड़ रही हैं। उन्होंने मतदाताओं से इस कथित मिलीभगत को पहचानने का आग्रह किया और दोनों मोर्चों को सबरीमाला स्वर्ण चोरी से जोड़ते हुए सीबीआई जांच की मांग की, साथ ही सभी आरोपियों को न्याय के कटघरे में लाने पर बल दिया।

कूथुपरम्बा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे राजग उम्मीदवार शिजिन लाल के चुनाव प्रचार के लिए पानूर में शाम को आयोजित नमो भारत यात्रा एवं जनसभा को संबोधित करते हुए, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने एआईसीसी नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए दावा किया कि सबरीमाला के प्रति उनकी चिंता केवल केरल तक सीमित है और यह दोहरा मापदंड दर्शाती है, खासकर पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में उनके रुख की तुलना में।

उन्होंने कहा कि केरल में भाजपा की चुनावी उपस्थिति की परवाह किए बिना मोदी सरकार ने विकास परियोजनाएं पूरी की हैं जिससे पार्टी के वोट शेयर में लगातार वृद्धि हुई है। एक विकसित भारत और केरल के दृष्टिकोण पर बल देते हुए, उन्होंने राजग उम्मीदवारों को समर्थन देने का आह्वान किया।

श्री नबीन ने कन्नूर में राजनीतिक शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। इससे पहले, उन्होंने कन्नूर हवाई अड्डे से मट्टानूर तक एक रोड शो का नेतृत्व किया, जिसमें राजग उम्मीदवार बिजू एलंकुझी के समर्थन में भारी भीड़ उमड़ी।

उन्होंने आशा व्यक्त किया कि भाजपा को मजबूत जनादेश मिलेगा और वह एलडीएफ और यूडीएफ दोनों के विकल्प के रूप में उभरेगी, जिन पर उन्होंने राज्य में दशकों से कुशासन का आरोप लगाया। राज्यसभा सांसद सी. सदानंदन और भाजपा राज्य महासचिव एम.टी. रमेश भी उपस्थित थे और समारोह में शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित