तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 06 -- केरल विधानसभा चुनावों के मतदान में अब केवल तीन दिन शेष रह गए हैं और राज्य में चुनाव प्रचार का अंतिम चरण चरमता की ओर है।
सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ), विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सहित सभी प्रमुख राजनीतिक गठबंधन चुनाव प्रचार के इस हाई-वोल्टेज समापन की तैयारी कर रहे हैं, जो मंगलवार को समाप्त हो जाएगा। इसके साथ ही राज्य भर में हफ्तों से चल रहा चुनावी शोर भी थम जाएगा।
प्रचार अभियान के आखिरी दिन 'कोट्टिकालसम' के दौरान सभी दल अपनी-अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते नजर आएंगे। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन होने वाले भव्य रोड शो/रैली को पारंपरिक रूप से कोट्टिकालसम कहा जाता हैे। इस दौरान सभी दल आखिरी बार मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश करते हैं और उन्हें मत देने की अपील करते हैं।
प्रचार की अवधि समाप्त होने के ठीक पहले, नेताओं और उम्मीदवारों ने अपना समर्थन मजबूत करने के लिए घर-घर जाकर जनसंपर्क, छोटी समूह बैठकें और निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर संपर्क तेज कर दिया है।
केरल की सभी 140 विधानसभा सीटों पर नौ अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। चुनाव अधिकारियों ने सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदान कर्मियों की तैनाती और सुरक्षा उपायों सहित सभी प्रमुख व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
जैसे-जैसे मतदान का दिन नजदीक आ रहा है, राजनीतिक दल अपने पक्ष में मतदान बढ़ाने पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, विशेष रूप से उन निर्वाचन क्षेत्रों में जहां कड़ा मुकाबला है। चुनावी परिणामों को आकार देने में अंतिम दिन बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित