कोच्चि (केरल) , अप्रैल 04 -- केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को आरोप लगाया कि देश को अस्थिर करने की कोशिश करने वाले चरमपंथी और कट्टरपंथी समूह केरल को "सुरक्षित पनाहगाह" बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

एक चुनावी अभियान के दौरान यहां जनसभा को संबोधित करते हुए श्री रिजिजू ने दावा किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले ऐसे तत्वों को राज्य में माकपा और कांग्रेस दोनों का समर्थन मिल रहा है।

श्री रिजिजू ने कहा कि केरल की उच्च साक्षरता दर के बावजूद, वहां तुष्टीकरण की राजनीति हावी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और ऐसे किसी भी कदम के खिलाफ दृढ़ता से कार्रवाई करेगी। भाजपा के रुख को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी तुष्टीकरण की राजनीति का विरोध करती है, लेकिन सभी धर्मों और पूजा स्थलों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित