तिरुवनंतपुरम , जून 02 -- केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने राज्य की विकास संबंधी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकार और बैंकिंग क्षेत्र के बीच और मजबूत साझेदारी का आह्वान करते हुए कहा है कि आर्थिक बदलाव में बैंक अहम भूमिका निभायेंगे।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की समीक्षा बैठक का उद्घाटन करते हुए कहा कि केरल बड़े बुनियादी ढांचे और लॉजिस्टिक्स पहलों से प्रेरित विकास के नये चरण में प्रवेश कर रहा है और इन अवसरों को भुनाने के लिए बैंकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक होगी।

उन्होंने कहा कि बंदरगाहों, अंतर्देशीय जलमार्गों और लॉजिस्टिक्स बुनियादी ढांचे को एकीकृत करने के सरकार के प्रयासों से राज्य की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आयेगा। इससे निवेश, व्यापार और रोजगार के नये रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने की परियोजनाओं को वित्तपोषित करने और उभरते आर्थिक क्षेत्रों को सहायता देने में बैंकों की मुख्य भूमिका होगी।

प्रवासी केरलवासियों से मिलने वाले धन को केरल की अर्थव्यवस्था का सबसे मजबूत आधार बताते हुए उन्होंने वापस लौटने वाले प्रवासियों के लिए उद्यम शुरू करने के वास्ते सरकार, नोर्का और प्रवासी समुदाय के बीच अधिक सहयोग का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलों से रोजगार पैदा हो सकता है और सतत आर्थिक विकास में योगदान मिल सकता है।

मुख्यमंत्री ने केरल की बदलती जनसांख्यिकीय स्थिति की ओर भी ध्यान आकर्षित किया और बैंकों से वरिष्ठ नागरिकों के लिए तैयार किये गये नये वित्तीय उत्पादों और सेवाओं के माध्यम से बढ़ती 'सिल्वर इकोनॉमी' (बुजुर्गों पर केंद्रित अर्थव्यवस्था) के लिए समर्थन बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाने का भी आह्वान किया और आर्थिक विकास को स्थिरता के लक्ष्यों के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बैंकिंग क्षेत्र के प्रदर्शन पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के कर प्रशासन सुधार और विकास पहल निवेश एवं व्यावसायिक प्रगति के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित