कन्नूर , मार्च 19 -- केरल के मुख्यमंत्री और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पोलित ब्यूरो के सदस्य पिनाराई विजयन (80) ने गुरुवार को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए धर्मदम निर्वाचन क्षेत्र से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। आगामी नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए धर्मदम सीट से नामांकन करने वाले विजयन पहले उम्मीदवार हैं।
मुख्यमंत्री ने सुबह करीब 11:00 बजे थलास्सेरी जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में जिला रजिस्ट्रार सचिन कृष्णन को अपना पर्चा सौंपा। उनके नामांकन के लिए जमानत राशि पथानापुरम गांधी भवन की महिला निवासियों ने दी है। इस अवसर पर उनके साथ माकपा जिला सचिव के.के. रागेश, वरिष्ठ नेता ई.पी. जयराजन, विधानसभा अध्यक्ष ए.एन. शमसीर और राजनीतिक सचिव पी. शशि सहित कई दिग्गज नेता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित