तिरुवनंतपुरम , सितंबर 14 -- मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने सोमवार को कहा कि केरल बंदरगाहों, विमानन, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन, स्वास्थ्य देखभाल और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक निवेश के नये दरवाजे खोल रहा है।

श्री सतीशन ने विश्च के देशों को केरल आने का न्योता देते हुए कहा कि राज्य को बतौर 'बंदरगाह शहर' विकसित किया जाएगा। इसके लिए इसके दो अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह, एक कंटेनर टर्मिनल और 18 छोटे बंदरगाहों को आपस में जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही चार अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों को जोड़कर एक विमानन केंद्र बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार तिरुवनंतपुरम और कोच्चि में मौजूद मौजूदा केंद्र से आगे बढ़कर उत्तरी केरल तक सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र का विस्तार करने की योजना बना रही है। उन्होंने मलयाली इंजीनियरों, डॉक्टरों और दूसरे पेशों के वैश्विक मानवशक्ति को राज्य की सबसे बड़ी ताकतों में से एक बताया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री क्लिफ हाउस में 19 देशों के 35 व्लॉगर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय इन्फ्लुएंसर्स के जरिए केरल की पर्यटन संभावना, प्राकृतिक सुंदरता, मौसम और निवेश के मौकों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाया जा सकता है। इनमें से कई इन्फ्लुएंसर्स के लाखों फॉलोअर्स हैं।

श्री सतीशन ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य देखभाल और पर्यटन को बराबर अहमियत दे रही है और केरल को विश्व-स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र के तौर पर विकसित करेगी। आयुर्वेद के साथ-साथ यूरोपियन मॉडल पर उच्च-स्तरीय पुनर्वास केंद्र बनाए जाएंगे और सरकारी अस्पतालों के बुनियादी ढांचे और इलाज के मानक को बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य के बजट में परियोजनाएं शामिल की गई हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्वास्थ्य देखभाल हर किसी का अधिकार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित