हैदराबाद , मई 4 -- तेलंगाना कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मल्लू रवि ने सोमवार को कहा कि केरल में कांग्रेस का सत्ता में आना पार्टी के लिए एक सकारात्मक संकेत है, जबकि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत भगवा दल के बढ़ते समर्थन को दर्शाती है।
उन्होंने उल्लेख किया कि तमिलनाडु में विजय के नेतृत्व वाली 'तमिलगा वेत्री कड़गम' का उदय भाजपा की संभावनाओं के विरुद्ध काम करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पुडुचेरी और असम जैसे छोटे राज्यों में अपनी सत्ता बरकरार रखी है। राष्ट्रीय राजनीति में विश्वास व्यक्त करते हुये श्री मल्लू रवि ने कहा कि 2029 के आम चुनावों में 'इंडिया' गठबंधन, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अधिक मजबूत होकर उभरेगा।
श्री मल्लू रवि ने यह भी कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने केरल में एक प्रमुख प्रचारक के रूप में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस भाजपा और बीआरएस को हराकर तेलंगाना में फिर से सत्ता में आएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित