कोच्चि , अगस्त 30 -- उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन केरल के दो दिवसीय दौरे पर रविवार सुबह कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे, जहां राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, उच्च शिक्षामंत्री रोजी एम. जॉन और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनका स्वागत किया।
श्री राधाकृष्णन अपने दौरे के दौरान एर्नाकुलम, अलाप्पुझा, पथानामथिट्टा और तिरुवनंतपुरम जिलों का दौरा करेंगे और कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह बेंगलुरु से भारतीय वायु सेना के एक विशेष विमान से सुबह 8.45 बजे कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से अलाप्पुझा के लिए रवाना हुए और पूर्वाह्न 10 बजे उन्होंने लियो उच्च माध्यमिक विद्यालय मेंआयोजित एक कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
उपराष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से अलाप्पुझा से पथानामथिट्टा के लिए रवाना होंगे, अरनमुला पहुंचने और अरनमुला उथ्रिट्टाथी वॉटर फेस्टिवल 2026 का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है।
इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से प्रमादम से तिरुवनंतपुरम जाएंगे और अपराह्न करीब 3:50 बजे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे। शाम पांच बजे से छह बजे के बीच, वे राज्य की राजधानी में 'केरल राज्य ओणम सप्ताह समारोह 2026' के तहत आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक जुलूस का उद्घाटन करेंगे।
उप-राष्ट्रपति तिरुवनंतपुरम के लोक भवन में रात भर रुकेंगे। श्री राधाकृष्णन 31 अगस्त को सुबह 8:15 बजे तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डा से अगाती के लिए रवाना होंगे। अगाती का दौरा पूरा करने के बाद, वह दोपहर 1:15 बजे कोच्चि पहुंचेंगे। शाम चार बजे, वे काक्कनाड स्थित राजागिरी स्कूल ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आरएसईटी) के सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इसके बाद शाम छह बजे कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उप-राष्ट्रपति को आधिकारिक विदाई दी जाएगी। केरल दौरे के दौरान, उप-राष्ट्रपति अलाप्पुझा में 'केरल कौमुदी' की 115वीं वर्षगांठ के समारोह में भी शामिल होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित