कासरगोड , फरवरी 22 -- केरल के अधूर में एक शादी समारोह के दौरान पड़ोसी के घर से 9.5 ग्राम सोने के सिक्के चोरी होने के झूठे आरोपों से आहत एक महिला ने आत्महत्या कर ली है।
मृतक की पहचान मुलियार की जसीला (24) के तौर पर हुई है, उसके दो बच्चे हैं। उसने कथित तौर पर 15 फरवरी को कोई ज़हरीली चीज़ खा ली थी और कासरगोड के पास आलमबाड़ी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गयी।
यह कदम उठाने से पहले शूट किए गए एक वीडियो में जसीला ने दावा किया कि वह बेगुनाह है और बाद में सच्चाई यह साबित कर देगी। उन्होंने कहा, "उन्होंने आरोप लगाया कि मैंने वह सोना चुराया जो मेरे पति के घर के पास मेरे दोस्त के घर से गायब हो गया था। जो सामान मैंने लिया ही नहीं है तो उसे मैं कैसे लौटा सकती हूँ, वे मुझे इस तरह शर्मिंदा क्यों कर रहे हैं। मेरे घर में किसी को शांति नहीं है।"अधूर पुलिस उसकी बेगुनाही साबित करने के लिए उसकी शिकायत लेने में हिचकिचा रही थी। बाद में, एक मजिस्ट्रेट ने अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उसकी गवाही ली। हालांकि, अधूर पुलिस ने कहा कि अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पुलिस को गायब सोने के बारे में शिकायत मिली है और जसीला को शुरुआती जांच के तहत बुलाया गया था और सबूतों की कमी के कारण रिहा कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित