, Aug. 12 -- चर्चा में भाग लेते हुए उत्तर प्रदेश से भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत में ज्ञान का उदय केरल से हुआ था। आदि शंकराचार्य ने उस ज्ञान को उत्तर भारत में पहुंचाया। न्यास की अवधारणा का उदय भी केरल से हुआ है।
कर्नाटक से भाजपा के लहर सिंह सिरोया ने केरल के लोगों को नाम परिवर्तन पर बधाई दी और राज्य से जुड़ी अपनी यादों को साझा किया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि केरल में राजग की सरकार नहीं है, फिर भी केंद्र सरकार का द्वार वहां के लोगों के लिए हमेशा खुला है। आज केरल का नाम केरलम् हो रहा है। यह वहां के लोगों की मांग थी जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वीकार किया।
केरल से आईयूएमएल के हरीश बीरान ने कहा कि केरल में विविधता है लेकिन राज्य का मूल ढांचा धर्मनिरपेक्ष है। आजकल नाम बदलने का चलन है। केरल में "डबल इंजन" की सरकार नहीं है, "सेकुलर इंजन" की सरकार है। किसी के खान-पान, पहनावे के लिए किसी को परेशान नहीं किया जाता। उनका संदर्भ आज सुबह की एक घटना से था जिसमें माकपा के जॉन ब्रिटास ने आरोप लगाया था कि भाजपा की एक महिला सांसद ने उनके पहनावे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
बिहार से राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह विधेयक केरल के लोगों की भावना से जुड़ा हुआ है। इसी तरह बिहार के लोगों की एक पुरानी भावना है। पुराने समय में भारत की राजधानी वहीं होती थी जो आज जो पटना है। उस समय उसका नाम पाटलिपुत्र था। उन्होंने पटना का नाम फिर से पाटलिपुत्र करने की सरकार से मांग की।
असम से यूपीपी (एल) के रवंगवरा नारजारी ने कहा कि केरलम् शब्द का राज्य की संस्कृति से गहरा संबंध है। केंद्र सरकार केरल के लोगों की इच्छा पूरी करने के लिए यह विधेयक लेकर आयी है। उन्होंने बोडोलैंड टेरिटोरियल एरिया का नाम बदलकर बोडोलैंड टेरिटोरियल रीजन करने की मांग की।
तमिलनाडु से डीएमडीके सदस्य एल.के. सुधीश ने कहा कि तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमजीआर (एम.जी. रामचंद्रन) भी केरल से थे। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के लोगों के बीच घनिष्ठ संबंध हैं। कई अभिनेता तमिल और मलयालम दोनों भाषाओं की फिल्मों में काम करते हैं।
पश्चिम बंगाल से भाजपा के सामिक भट्टाचार्य ने बंगाली में अपनी बात रखी। उन्होंने पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर पच्छिम बंगाल करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित