तिरुवनंतपुरम , मई 20 -- केरल के वरिष्ठ पत्रकार केजी परमेश्वरन नायर का आज यहां वृद्धावस्था संबंधी रोगों के कारण निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे।

केरल की पत्रकारिता के स्तंभ रहे परमेश्वरन नायर ने 'केरल कौमुदी' दैनिक समाचार पत्र के साथ 35 से अधिक वर्षों तक काम किया। उन्होंने केरल विधानसभा की कार्यवाही की अपनी खास पोर्टिंग के लिए विशेष पहचान बनायी। वह तिरुवनंतपुरम प्रेस क्लब के अध्यक्ष भी रहे थे।

विधायी पत्रकारिता के अग्रदूत माने जाने वाले श्री नायर को केरल में विधानसभा रिपोर्टिंग की शैली और उसकी गहराई को एक नया आकार देने का श्रेय दिया जाता है। उनके कार्य और रिपोर्ताज कई पत्रकारों और सार्वजनिक हस्तियों के लिए संदर्भ सामग्री का काम करते थे।

उन्होंने 'केरल लेजिस्लेचर : हिस्ट्री एंड धर्म' सहित कई पुस्तकें लिखीं। पत्रकारिता में उनके योगदान के सम्मान में उन्हें राज्य सरकार के 2021 के 'स्वदेशाभिमानी-केसरी पुरस्कार', 'पट्टम थानु पिल्लई पुरस्कार' और 'केसी सेबेस्टियन पुरस्कार' सहित कई सम्मानों से नवाजा गया था।

केरल विधानसभा ने भी उन्हें एक संसदीय संवाददाता के रूप में उनकी दीर्घकालिक सेवा के लिए औपचारिक रूप से सम्मानित किया था।

केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक ऐसा पत्रकार बताया जो विधायी रिपोर्टिंग की गहराई और बारीकियों को समझते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित