नैनीताल , अगस्त 13 -- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ग्रामीण क्षेत्र धारी और रामगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। लेटीबुंगा से भटेलिया तक मोटरसाइकिल रैली के रूप में निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ श्री कैड़ा ने राष्ट्रध्वज फहराकर किया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' के नारों के साथ माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने और हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक को सक्रिय योगदान देना चाहिए और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। श्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रैली के समापन पर प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित