प्रयागराज , जून 10 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के धूमनगंज थाना क्षेत्र में बीकॉम प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सृजन राय (19) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के पचेवरा गांव की रहने वाली थी। वह प्रयागराज के राजरूपपुर इलाके में किराए के कमरे में रहकर केपी कॉलेज से बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी।

परिजनों ने बताया कि सृजन दो दिन पहले ही अपने घर से प्रयागराज लौटी थी। मंगलवार रात जब परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। कई बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने मकान मालिक से संपर्क किया और छात्रा के कमरे की जानकारी ली।

बताया गया कि बुधवार को मकान मालिक छात्रा के कमरे पर पहुंचे। बाहर से झांकने पर उन्होंने सृजन को कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही धूमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस जांच के दौरान छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। वहीं, परिजन भी आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं कर सके हैं। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के विवाद या अन्य कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि छात्रा की मौत के मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

उन्होंने बताया कि जांच के लिए मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया गया है और उसकी कॉल डिटेल एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित