कोटा , अप्रैल 09 -- केन्द्र सरकार ने बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और प्रतिकूल मौसम से प्रभावित गेंहू की फसल खरीद के लिए राजस्थान में रबी सीजन के लिए गेंहू खरीद के मानकों में शिथिलता देकर राहत प्रदान की है।
आधिकारिक सू्त्रों के अनुसार केन्द्र सरकार के इस निर्णय कोटा-बूंदी सहित पूरे प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। यह निर्णय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के परिणामस्वरूप लिया गया है।
केन्द्र सरकार के जारी आदेश के अनुसार गेंहू की गुणवत्ता में आई गिरावट को ध्यान में रखते हुए चमक में कमी की सीमा 50 प्रतिशत तक तथा सिकुड़े और टूटे दानों की सीमा 15 प्रतिशत तक कर दी गई है वहीं क्षतिग्रस्त और आंशिक क्षतिग्रस्त दानों की कुल सीमा छह प्रतिशत निर्धारित की गई है।
किसानों को नुकसान से बचाना और उनकी उपज की अधिकतम खरीद सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस निर्णय से उन सभी किसानों को राहत मिलेगी, जिनकी फसल बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित हुई है।
सरकार का लक्ष्य है कि अधिकतम किसानों की उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जाए। मंडियों में किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चले और किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में कठिनाई न हो। इस निर्णय से प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और मंडियों में खरीद प्रक्रिया को गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित