भागलपुर, मार्च 17 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि आने वाले समय में केन्द्र सरकार के सहयोग से बिहार विकसित राज्य बनेगा और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

श्री कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में 441.32 करोड़ रुपए राशि की 88 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के विकास में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है और आज हर क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि खासकर, 2024 में केन्द्र सरकार से विशेष बजट (आर्थिक सहायता) मिलने से कई प्रमुख योजनाएं पूरी की गई है। जिसमें मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट, छह लेन सड़कें आदि शामिल हैं।

श्री कुमार ने कहा कि अगले पांच साल में समृद्ध उधोग एवं सशक्त बिहार का सपना साकार होगा। जिससे आमजनों में खुशहाली आयेगी और बिहार देश के शीर्ष राज्यों की पंक्ति में आएगा। उन्होंने कहा कि बिहार के सर्वांगीण विकास में केन्द्र सरकार के सहयोग को भुलाया नहीं जा सकता है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धन्यवाद के पात्र हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित