जयपुर , सितंबर 25 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को केन्द्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी (फील्ड ऑपरेशन डिवीजन) मुकेश माल्या को यहां 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों हिरासत में लिया, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ, जयपुर को शिकायत मिली कि परिवादी की ग्रीन माउन्टेन जेम्स प्रा. लि. जयपुर नामक फर्म के विरुद्ध पेनल्टी लगाने का दबाव बनाते हुए 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही हैं।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम द्वारा ट्रैप की गयी कार्यवाही में श्री माल्या को परिवादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों हिरासत में लिया गया।

ट्रैप कार्यवाही के दौरान आरोपी द्वारा पूर्व से किडनी संबंधी बीमारी का उपचाररत होना बताये जाने पर उसे तत्काल गणगौरी अस्पताल जयपुर ले जाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया। बाद में चिकित्सकों द्वारा रेफर किये जाने पर श्री माल्या को एस.एम.एस अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार जारी है। ब्यूरो टीम अग्रिम कार्यवाही कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित