जयपुर , मार्च 26 -- राजस्थान के पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं कांग्रेस नेता डॉ. रघु शर्मा ने कहा है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार का आधा कार्यकाल समाप्त हो चुका है लेकिन उसके केन्द्र में प्रदेश की आठ करोड़ जनता के स्वास्थ्य का ध्यान रखना प्राथमिकता में नहीं है।

डॉ शर्मा गुरुवार को यहां प्रेसवार्ता में यह आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के शासन में जमीनी स्तर पर चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया जाकर विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का ढांचा तैयार किया गया था। साथ ही सभी को चिकित्सा मिल सके इसके लिए लोक-कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने निरोगी राजस्थान की कल्पना की थी इसी को आगे बढ़ाते हुए राजस्थान पहला राज्य हुआ जहाँ राईट टू हैल्थ कांग्रेस ने पारित किया किन्तु डबल इंजन की भाजपा सरकार ने इस कानून को ठण्डे बस्ते में डाल दिया और कोई नियम नहीं बनाए क्योंकि चिकित्सा इस सरकार की प्राथमिकता में नहीं है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि जो योजनाएं और कार्य कांग्रेस सरकार के शासन में प्रारम्भ हुए थे जैसे एसएमएस अस्पताल का आईपीडी टावर जो 24 मंजिल का है और 1200 बैड की सुविधा मिलनी है उसकी हालत आज भी जस की तस जैसे हमने छोड़ी थी बनी हुई है। हर परियोजना के पूर्ण होने की एक अवधि होती है और बजट निर्धारित होता है किन्तु कांग्रेस की सिंगल इंजन सरकार जाने के ढाई वर्ष बीतने के बावजूद डबल इंजन की सरकार यह कहने की स्थिति में नहीं है कि यह परियोजना कब पूर्ण होगी और लोगों को सुविधा कब से मिलने लग जाएगी।

उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकारी स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) जैसी महत्वपूर्ण योजना को भाजपा सरकार समाप्त करने पर तुली हुई है, निजी अस्पतालों ने सरकार को ईलाज बंद करने की धमकी दी है और दवाओं की सप्लाई रोकने की बात कह रहे है क्योंकि आरजीएचएस योजना में सरकार का 2025-26 को बजट आवंटन 250 करोड़ रूपये प्रतिमाह है जो वार्षिक 3000 करोड़ है, किन्तु बिल जारी हुए 330 करोड़ के, जिस कारण आवश्यकता 330 करोड़ प्रतिमाह की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित