जयपुर , सितम्बर 29 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को राजसमन्द में केन्द्रीय माल एवं सेवाकर आयुक्तालय उदयपुर के अधीक्षक (कर अपवंचना) सांवल राम के लिए 25 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए दो दलालों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया , वहीं इस मामले में सांवलराम को हिरासत में लिया गया हैं।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सी.बी. राजसमन्द को परिवादी द्वारा शिकायत की गयी कि उसकी दो रजिस्टर्ड फर्म में से एक फर्म की रिकवरी राशि नहीं निकालने, शो-कॉज नोटिस एवं सम्मन का निस्तारण कराने तथा दूसरी फर्म के नाम से जारी सम्मन एवं नोटिस का निस्तारण कराने एवं फर्म के खाते को सक्रिय कराने के मामले में श्री सांवल राम दलाल अनिल पारीक के माध्यम से 60 लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे हैं तथा पहली किश्त के रूप में 25 लाख रुपये देने के लिए परेशान किया जा रहा है।
इस पर रिश्वत मांग के सत्यापन के दौरान श्री सांवल राम के लिए दलाल अनिल पारीक के माध्यम से पहली किश्त के रूप में 25 लाख रुपये रिश्वत राशि की मांग करना पाया गया। सत्यापन के अनुसरण में ट्रेप कार्यवाही के दौरान अनिल पारीक द्वारा दूसरे दलाल सुशील पारीक के माध्यम से 25 लाख रुपये की रिश्वत प्राप्त करते हुए दोनों दलालों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्यवाही के दौरान आरोपी सांवल राम को हिरासत में लिया गया हैं। एसीबी की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं पुलिस महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी के उदयपुर स्थित निवास की तलाशी ली जा रही है। दोनों दलालों से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित