वडनगर (गुजरात)/नयी दिल्ली , अक्टूबर 07 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार गुजरात के वडनगर के रेलवे स्टेशन पर उस पुराने टी-स्टॉल पर पहुंचे जहां कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने बाल्यकाल में चाय बेचा करते थे।

श्री चौहान वडनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर स्थित इस ऐतिहासिक चाय की दुकान के सामने पहुंचकर कुछ क्षणों के लिए तो भावविभोर खड़े रहे। उन्होंने दुकान और वहां संजोकर रखे गए प्रतीकों को करीब से देखा। चेहरे पर गहरा आदर और आंखों में श्रद्धा का भाव लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह उस अतीत की स्मृतियों में खोए नजर आए, जहां अभावों के बीच एक बालक ने अपने आत्मसम्मान और संकल्प की नींव रखी थी।

श्री चौहान ने टी-स्टॉल का बारीकी से अवलोकन करने के बाद वहां मौजूद लोगों, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों से अपने भाव साझा किए। उन्होंने कहा कि वडनगर रेलवे स्टेशन का यह छोटा सा कोना सिर्फ चाय की एक दुकान भर नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, सादगी, स्वाभिमान और अप्रतिम पुरुषार्थ का जीवंत तीर्थ है। इसी प्लेटफॉर्म पर हाथ में चाय की केतली थामे एक बालक ने जीवन के सबसे कठिन सबक सीखे थे। आज उस स्थान पर खड़े होकर यह अहसास होता है कि जब निष्ठा सच्ची हो और इरादे अडिग हों, तो परिस्थितियां कभी रास्ता नहीं रोक सकतीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित