उज्जैन , फरवरी 08 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित केन्द्रीय भैरवगढ़ जेल में निरुद्ध एक दंडित बंदी की आज जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जेल अधीक्षक ने बताया कि बदनावर क्षेत्र निवासी झांगा (37 वर्ष) की आज अचानक तबीयत खराब हो गई थी। जेल चिकित्सक के परामर्श के अनुसार बंदी को जेल वार्ड से जेल वाहन द्वारा सुबह जिला चिकित्सालय भेजा गया, जहां उपचार के दौरान 08 फरवरी को उसकी मृत्यु हो गई।

बंदी की मृत्यु की सूचना जिला दंडाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, जेल मुख्यालय भोपाल, मानव अधिकार आयोग भोपाल, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग नई दिल्ली तथा मृतक के परिजनों को दे दी गई है। मृत्यु के संबंध में भैरवगढ़ थाने में मर्ग कायम कराया गया है तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश उज्जैन से न्यायिक जांच कराने का निवेदन किया गया है। कानूनी जांच एवं शव विच्छेदन के पश्चात शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित