पटना , मार्च 05 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बीच केन्द्रीय गृह मत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह गुरूवार को राजधानी पटना पहुंचे।

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह आज जय प्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी मौजूद रहे।

श्री शाह आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राज्यसभा चुनाव की पांचों उम्मीदवारों के नामांकन में शामिल होंगे। भाजपा तथा जदयू के वरिष्ठ नेताओं के साथ श्री शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाक़ात की ।

इससे पहले श्री कुमार ने, अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर राज्य सभा जाने की गुरुवार की सुबह घोषणा कर विगत कुछ घण्टों से चल रहे राजनीतिक उहा पोह की स्थिति पर विराम लगा दिया ।

जदयू की ओर से श्री नीतीश कुमार के अलावा केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर भी जदयू की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिये पर्चा भरेंगे ।

भाजपा ने बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा शिवेश कुमार को मैदान में उतारा है।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की और से रालोमो के नेता उपेंद्र कुशवाहा भी आज नामांकन करने की घोषणा की है ।

बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी राज्यसभा चुनाव लड़ने का इरादा जाहिर किया है।हालांकि राजद ने अबतक राज्यसभा चुनाव के लिये अपने उमीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

उल्लेखनीय है कि बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें रिक्त हो रही हैं, जिनमे से दो-दो सीटें जदयू और राजद की हैं, जबकि एक रालोमो की है। जदयू कोटे से केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश , राजद से अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता तथा रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का कार्यकाल अप्रैल माह में समाप्त हो रहा है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित