नयी दिल्ली , मार्च 10 -- सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केन्द्रीय औद्योगिकी सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) जैसे केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को जोखिम भरे अभियानों में रक्षा कवच प्रदान करने वाली कुल 50 हजार और अत्याधुनिक बुलेटप्रूफ जैकेट मिलने जा रही हैं। बुलेटप्रूफ जैकेट बनाने वाली रक्षा क्षेत्र की निजी कंपनी एसएमपीपी ने मंगलवार को बताया कि उसे दस हजार जैकेटों का नया आर्डर मिला है। यह पहले मिले 40 हजार जैकेट के आर्डर के अतिरिक्त है। इनमें से केन्द्रीय बलों को करीब 28,000 जैकेट पहले ही वितरित की जा चुकी हैं जबकि शेष सरकार और आपूर्तिकर्ता के बीच तय समयसीमा के अनुसार अगले वित्तीय वर्ष में उपलब्ध कराई जाएँगी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि अर्धसैनिक बलों के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट का एक बड़ा ऑर्डर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में सुरक्षा उपकरण पहले ही उपलब्ध करा दिए गए हैं, ताकि उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में तैनात कर्मियों की सुरक्षा और परिचालन तत्परता बढ़ाई जा सके।

यह सुरक्षा उपकरण कड़े बैलिस्टिक मानकों को पूरा करने के लिए बनाए गए हैं और विविध परिचालन वातावरण, जैसे कि आतंकवाद रोधी क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करते हैं।

इसके अलावा, बुलेटप्रूफ जैकेट के उन्नत संस्करण, जो आर्मर-पियर्सिंग गोला-बारूद से भी सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल और सेना को भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे अग्रिम मोर्चे पर तैनात सैनिकों की व्यक्तिगत सुरक्षा और मजबूत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित