पटना , मई 20 -- बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक में राज्य के पर्यटन स्थलों, धार्मिक सर्किटों और मेला-महोत्सवों को भव्य स्वरूप देने पर जोर देते हुए कहा कि पर्यटन योजनाओं को समय पर पूरा कर आमजन तक उसका लाभ पहुंचाया जाए। पर्यटन निदेशालय सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री श्री गुप्ता ने कहा कि विभाग से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी आमजन तक पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने पर्यटन नीति को प्रभावी तरीके से लागू कर पर्यटन क्षेत्र में अधिक से अधिक निवेश आकर्षित करने पर जोर दिया। साथ ही राज्य के विभिन्न पौराणिक मेला-महोत्सवों को भव्य स्वरूप में आयोजित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

श्री गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार बिहार के विकास में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका की चर्चा करते रहते हैं और विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा भी करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित