रुद्रप्रयाग, अगस्त 07 -- उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में नगर पंचायत शौचालय के समीप बरसाती नाले में अचानक भारी मलबा और विशाल बोल्डर आने से केदारनाथ हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग-107) पूरी तरह बाधित हो गया। घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीनों की मदद से युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास किए गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और राहत एवं मार्ग बहाली कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थल पर 24 घंटे जेसीबी मशीनों सहित सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखे जाएं, ताकि दोबारा मलबा आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। साथ ही तकनीकी टीमों को पहाड़ी का विस्तृत सर्वेक्षण कर संभावित जोखिम का आकलन करने और स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित