रुद्रप्रयाग , सितम्बर 14 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित सभागार में केदारनाथ यात्रा के द्वितीय चरण की यात्रा तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।

श्री मिश्रा ने यात्रा मार्ग, स्वास्थ्य, पेयजल, पशुपालन, खाद्य आपूर्ति, यातायात, स्वच्छता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग की सड़कों को 15 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से गड्ढामुक्त किया जाए तथा इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण यदि कहीं सड़क बंद होती है तो उसे तत्काल यातायात के लिए खोला जाए। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक मशीनरी की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी एमआरपी में पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती के साथ ही आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि सभी पशु चिकित्सा केंद्रों पर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित विभाग को सभी पेयजल लाइनों की मरम्मत एवं आवश्यक रखरखाव का कार्य समय से पूरा करने को भी कहा।

उन्होंने चिरबासा क्षेत्र में भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुए साइन बोर्डों को शीघ्र पुनः स्थापित करने के निर्देश दिए। जबकि पूर्ति विभाग को यात्रा अवधि के दौरान पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न का भंडारण एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों के साथ ही यात्रियों को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित