केदारनाथ/बदरीनाथ , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को निशाना बना रहे एक अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह का बुधवार चमोली पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत के 13 महंगे मोबाइल फोन और 58,860 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, विशेषकर स्नान घाटों और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का ध्यान भटकाकर उनके कीमती सामान चोरी करते थे।
घटना का खुलासा तब हुआ जब 27 अप्रैल को पौड़ी गढ़वाल निवासी नरेश चन्द्र ने कोतवाली श्री बद्रीनाथ में शिकायत दर्ज कराई कि दर्शन के दौरान उनके दस्तावेज, एटीएम कार्ड और नकदी चोरी हो गई। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर एंटी थेफ्ट स्क्वाड का गठन किया गया। टीम ने सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर हनुमान चट्टी के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध वाहनों को रोका और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से सात आईफोन, तीन सैमसंग एस24 अल्ट्रा, एक वनप्लस 10आर, एक रेडमी नोट 13 और एक रियलमी 13 प्रो सहित कुल 13 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो कारों को भी सीज कर दिया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ने ये मोबाइल केदारनाथ धाम से चोरी किए थे और इसके बाद बद्रीनाथ धाम में वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। बरामद मोबाइल में से एक आईफोन के संबंध में थाना सोनप्रयाग में पहले से मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी पंजाब और राजस्थान के निवासी हैं और लंबे समय से धार्मिक स्थलों पर सक्रिय होकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती सामान की विशेष सुरक्षा रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित