रुद्रप्रयाग जनपद , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन द्वारा 22 अप्रैल से शुरु होने वाली केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से तैयारियों को युद्ध स्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आज जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई प्रगति एवं शेष कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं-सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा एवं स्वच्छता-की अद्यतन स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व 15 अप्रैल तक सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पेयजल, विद्युत, उरेडा, लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है और सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करें।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर अधिकांश स्थानों पर सोलर लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं तथा विद्युत लाइनों की मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है। सड़कों पर पैचवर्क का कार्य निरंतर किया जा रहा है, जिससे यात्रा मार्ग को सुचारू एवं सुरक्षित बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त, कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई है।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, अन्यथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निकायों द्वारा नियमित रूप से अतिक्रमण के विरुद्ध चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित