गुप्तकाशी/देहरादून , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम की 22 अप्रैल से शुरू हो रही ग्रीष्मकालीन यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा तैयारियों को युद्धस्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

श्रीमती नौटियाल ने गुप्तकाशी से गौरीकुंड होते हुए घोड़ा पड़ाव तक यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी दी तथा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 की स्थिति का अवलोकन करते हुए गुप्तकाशी तिराहा, बड़ासू, खुमेरा, मैंखंडा, व्योगाड़, रामपुर, शेरसी, सोनप्रयाग एवं मुनकटिया जैसे भूस्खलन एवं भू-धंसाव संभावित संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग पर पड़े मलबे को शीघ्र हटाने, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा सिंकिंग जोन व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में आवश्यक ट्रीटमेंट एवं सुरक्षा कार्यों को यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित