टिहरी , अक्टूबर 24 -- उत्तराखंड में देहरादून से केदारनाथ जा रहे एक हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान शनिवार को तकनीकी खराबी आ गई और एहतियातन हेलीकॉप्टर को नई टिहरी स्थित बौराड़ी स्टेडियम में इमरजेंसी लैंडिंग कराया गया। हेलीकॉप्टर में छह यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार, देहरादून से केदारनाथ के लिए उड़ान भरने के दौरान हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी सामने आई। स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर को बौराड़ी स्टेडियम में उतारा गया। इसके बाद तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
तकनीकी खामी दूर होने के बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी और सभी छह यात्रियों को लेकर केदारनाथ के लिए रवाना हो गया। घटना के दौरान एहतियाती कदम उठाते हुए यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित