हैदराबाद , मार्च 01 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने रविवार को तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर 'बुल्डोजर राज' का आरोप लगाते हुए हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने कार्यभार संभाला है, तब से बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ और नागरिकों का उत्पीड़न सामान्य बात बन गयी है।
श्री रामा राव ने मूसी नदी परियोजना से प्रभावित परिवारों की आयोजित 'मूसी दांडी मार्च' में भाग लिया और राजेंद्रनगर क्षेत्र में 3.5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा की।
इस मार्च के दौरान उन्होंने हैदर शाह कोट और मधु पार्क रिज अपार्टमेंट के निवासियों से मुलाकात की, उनकी शिकायतें सुनीं और बेदखली का सामना कर रहे परिवारों को सांत्वना दी। इस मार्च में हजारों निवासी शामिल हुए, जिन्होंने तोड़फोड़ के खिलाफ नारे लगाये और अपना घर खोने का डर जताया। बाद में बैठक संबोधित करते हुए केटीआर ने आरोप लगाया कि मूसी परियोजना का दुरुपयोग हजारों घरों को निशाना बनाने और एक बड़े रियल एस्टेट घोटाले को बढ़ावा देने के बहाने के रूप में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों की चिंताओं सहित परिवारों की बार-बार की गयी अपीलों के बावजूद सरकार बेदखली की धमकियों के साथ बेरहमी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जब इन्हीं इमारतों को पहले आधिकारिक अनुमति मिल चुकी थी तो अब निवासियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित