हैदराबाद , मई 27 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव (केटीआर) ने बुधवार को तेलंगाना में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण कृषि मंडियों तथा खरीद केंद्रों में धान, मक्का और अन्य फसलों को हुए व्यापक नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की।
श्री रामाराव ने एक बयान में कहा कि करीमनगर, महबूबनगर और नलगोंडा समेत विभिन्न जिलों में किसानों की स्थिति बेहद खराब हो गयी है, क्योंकि पिछले दो दिनों में सुखाने के लिए खुले में रखे गये अनाज बारिश में भीगकर खराब हो गये। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद प्रक्रिया में देरी और सरकार की लापरवाही के कारण किसान भारी संकट में हैं। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बीच कई किसान मोबाइल फोन की रोशनी में अपनी उपज बचाने की कोशिश करते नजर आये।
श्री रामाराव ने राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि भीगे हुए धान, मक्का और अन्य अनाज की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जाये तथा नमी की मात्रा का हवाला देकर किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाये। उन्होंने प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने, मंडियों में बिजली आपूर्ति बहाल करने और बची हुई उपज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में तिरपाल उपलब्ध कराने की भी मांग की।
बीआरएस नेता ने पार्टी प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे प्रभावित मंडियों और खरीद केंद्रों का दौरा करें, किसानों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करें और सरकार पर तत्काल खरीद तथा राहत उपाय सुनिश्चित करने के लिए दबाव बनायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित