हैदराबाद , मई 04 -- तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने 12 दिनों से न्यायिक हिरासत में रह रहे पार्टी नेता मन्ने कृष्णांक से संगारेड्डी जेल में सोमवार को मुलाकात की। श्री कृष्णांक की हिरासत को पार्टी राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बता रही है।
इस मुलाकात के दौरान बीआरएस के कई वरिष्ठ नेता भी श्री केटीआर के साथ थे। श्री रामा राव ने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस पर परेशानी की राजनीति करने और विपक्षी आवाजों को दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने आराेप लगाया कि पिछले ढाई सालों में कृष्णांक के खिलाफ भ्रष्टाचार को उजागर करने, शासन व्यवस्था पर सवाल उठाने और जनता से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए करीब 35 मामले दर्ज किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें से कई मामले छोटे-मोटे अपराधों से जुड़े हैं, जिनमें आमतौर पर थाने से ही जमानत मिल जाती है लेकिन फिर भी वह अभी तक हिरासत में हैं।
श्री रामाराव ने श्री कृष्णांक की गिरफ्तारी को गैर-कानूनी और अदालत के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन बताते हुए कहा कि उनकी हैसियत बतौर एक वकील, पीएचडी धारक और तेलंगाना राज्य खनिज विकास निगम (टीएसएमडीसी) के पूर्व अध्यक्ष की है। उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी इस मामले में अदालत में अवमानना याचिका दायर करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित