नयी दिल्ली , मार्च 04 -- आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली।
श्री केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह रंगों का त्यौहार होली सबके जीवन में खूब सारे खुशियों के रंग लेकर आए, सबके परिवार को सारी खुशियां दे और सबको बहुत-बहुत खुश रखे। आम आदमी पार्टी और उसके पूरे नेतृत्व के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया गया था और एक षड्यंत्र रचा गया था। अब कोर्ट से यह साबित हो गया है कि आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है और पार्टी के सभी नेता कट्टर ईमानदार हैं।
उन्होंने कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि भाजपा ने होली के मौके पर भी पूरी दिल्ली के अंदर शराब की दुकानें खोली हुई हैं। सालों-सालों से त्योहारों के अवसर पर शराब की दुकानें बंद हुआ करती थीं, ताकि शराब पीकर लोग हुड़दंग ना करें। आज होली के मौके पर, जब कई सालों से दुकानें बंद रहा करती थीं, ऐसे में भाजपा सरकार ने शराब की दुकानें खोलकर बहुत गलत किया है।
वहीं, "आप" पंजाब प्रभारी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी सभी को होली के पवन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार वही, रंग नया।"कट्टर ईमानदारी" का रंग है, फीका पड़ना इसकी आदत नहीं। इस बार की होली के जश्न में सिर्फ़ लाल-पीला-हरा नहीं, "क़ट्टर ईमानदारी" का रंग भी हवा में घुला। क्योंकि कुछ रंग चेहरे सजाते हैं और कुछ इतिहास लिखते हैं। चेहरे का रंग शाम तक उतर जाता है, पर अपनी ईमानदारी का रंग आने वाली पीढ़ियों तक दिखाई देगा। आप सबको होली की सच्ची, सादी और थोड़ी सी बेबाक शुभकामनाएँ।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले करीब तीन साल से पार्टी के कार्यकर्ता इस तरह से होली नहीं मना पाए थे। पहले साल होली के वक्त मनीष सिसोदिया जेल में थे, क्योंकि वे 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार हो गए थे, इसलिए 2023 में पार्टी ने होली नहीं मनाई। 2024 में अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार हो गए थे, इसलिए उस साल भी उन लोगों ने होली नहीं मनाई। 2025 में छल, कपट, पैसे और वोट चोरी से भाजपा ने दिल्ली के अंदर आम आदमी पार्टी को हराया गया, इसलिए 2025 में भी पार्टी कैडर ने बहुत ज्यादा होली नहीं मनाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित