नयी दिल्ली , फरवरी 28 -- दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 11 साल में सड़क से लेकर सीवर और पानी की जो हालत करके छोड़ी वह किसी से छिपा नहीं है।
श्री मिश्रा ने शनिवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शुक्रवार को श्री केजरीवाल ने जो 'ओवरएक्टिंग' की, जो तमाशा करने की कोशिश की उसका सच दिल्ली की जनता को भी मालूम है। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल जब सरकार में थे तो भी इतनी ओवरएक्टिंग और नौटंकी की और आज भी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "जहां तक कथित शराब घोटाले की बात है, तो शराब घोटाले में उच्च न्यायालय की टिप्पणियां भी हैं, उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियां भी हैं। शीर्ष न्यायालय और उच्च न्यायालय की गंभीर टिप्पणियों के बावजूद, आपने अपने आपको गुनहगार नहीं माना और यह नकली मेडल लेकर घूमते रहे ईमानदारी का, तब आज निचली अदालत के एक आदेश पर, आप इस प्रकार से जश्न कर रहे हैं ? किसको मूर्ख बना बनाया जा रहा है ? क्या यह सच नहीं है कि दिल्ली में जो शराब नीति आई, जैसे ही उसके ऊपर शिकायत दर्ज हुई, आपने उसको वापस ले लिया? अगर वह शराब नीति ईमानदारी पर आधारित थी, तो उसको वापस क्यों लेना पड़ा? क्या यह सच नहीं है कि जैसे ही जांच करने की बात आई, मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल ने सैकड़ों मोबाइल फोन तोड़े? अगर आपने कोई गड़बड़ी नहीं की थी तो मोबाइल फोन तोड़ने की जरूरत क्यों आयी?"कैबिनेट मंत्री ने कहा, "क्या यह सच नहीं है कि अरविंद केजरीवाल जब दिल्ली की सरकार में बैठे थे, तो शराब की एक बोतल के साथ एक बोतल फ्री बांटने की बात करते थे? पूरे दिल्ली को शराब के नशे में डुबोया। न जाने कितनी माताएं और बहनें रोई होंगी जिनके परिवार शराब के कारण बर्बाद हुए।"श्री मिश्रा ने कहा कि आज आप अपने आपको ईमानदार बताते हैं। दिल्ली की सड़कों की हालत पिछले 11 साल में देखी है, दिल्ली के पानी और सीवर की हालत देखिए, यमुना मईया की हालत देखिए, दिल्ली की हवा की हालत देखिए, दिल्ली के स्कूलों की हालत देखिए, दिल्ली के अस्पतालों की हालत देखिए। दिल्ली के मोहल्ला क्लीनिकों की हालत देखिए। यह 11 साल में आपकी सरकार की देन है दिल्ली को? यह आपके भ्रष्टाचार का प्रतीक है, और सबसे बड़ा न्याय जनता की अदालत में होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित