नयी दिल्ली , अक्टूबर 10 -- आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी ) नेताओं को विमान से ही हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए इसे आपातकाल से भी बदतर स्थिति करार दिया।
श्री केजरीवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा, "यह आपातकाल से भी बदतर है।" उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मोदी के नेतृत्व में "पूर्ण तानाशाही" की स्थिति है। उन्होंने सीजेपी नेताओं को उनकी उड़ान से सीधे हिरासत में लिए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि यह "अभूतपूर्व डर" को दर्शाता है। श्री केजरीवाल ने चुनाव में कथित "वोट चोरी" का आरोप भी लगाया और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब अपने कथित चुनावी धोखे को बचाने के लिए लोकतंत्र को पूरी तरह कुचलने पर आमादा हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब "ज्ञानेश" के साथ-साथ श्री मोदी को भी जाना चाहिए।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय पार्टी आप के राष्ट्रीय कार्यालय को सील कर दिया है। श्री भारद्वाज ने पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्षी दलों और उनके नेताओं को प्रदर्शन से रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित