नयी दिल्ली , फ़रवरी 27 -- आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में बरी होने के बाद शुक्रवार को कहा कि सत्य की जीत हुई है।

फैसला आने के बाद राउज एवेन्यू अदालत के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान श्री केजरीवाल भावुक हो गए। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में न्यायपालिका पर अपना विश्वास दोहराते हुए आरोप लगाया कि यह मामला उनकी पार्टी को कमजोर करने की एक राजनीतिक साजिश का हिस्सा था। उन्होंने कहा, "हमने हमेशा कहा है कि जीत अंततः सच की होती है। हमें भारतीय न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और अपने तथा सहयोगियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार किया।" श्री केजरीवाल ने कहा कि आख़िर में अधर्म और अन्याय हारता है और सच ही जीतता है। उन्होंने कहा कि आज अदालत ने इस मामले में सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। उन्होंने कहा, "हम हमेशा से कहते आए हैं कि सच्चाई की जीत होती है।"श्री केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने मिलकर आम आदमी पार्टी को खत्म करने की बड़ी राजनीतिक साजिश रची और पार्टी के पाँच बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया। मौजूदा मुख्यमंत्री को उनके घर से घसीटकर जेल में डाल दिया गया ऐसा देश के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह भ्रष्ट नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि उन्हें छह महीने तक जेल में रखा गया और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को लगभग दो साल तक जेल में रहना पड़ा। उन्होंने कहा कि टीवी चैनलों पर उनका चरित्र हनन किया गया और उन्हें भ्रष्ट बताया गया।

श्री केजरीवाल ने कहा कि मैंने जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है। इन्होंने झूठा केस लगाया। आज ये साबित हो गया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। उन्होंने कहा कि श्री सिसोदिया कट्टर ईमानदार हैं, आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि सत्ता के लिए इस तरह से खिलवाड़ मत कीजिए देश के साथ। इस तरह से संविधान के साथ खिलवाड़ मत कीजिए। आपको सत्ता चाहिए, अच्छे काम कीजिए। आज देश के सामने कितनी बड़ी समस्याएं हैं। महंगाई है, बेरोजगारी है, पूरे देश में सड़कें टूटी पड़ी हैं, चारों तरफ प्रदूषण ही प्रदूषण है, चारों तरफ देश में इतनी समस्याएं हैं उनका समाधान करके सत्ता में आइए न। इस तरह के झूठे केस करना और चौबीस घंटे विपक्षियों पर ऊटपटांग झूठे केस करना उन्हें जेल में डालना ये प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता। इससे देश आगे नहीं बढ़ता। देश तब आगे बढ़ेगा, जब जनता की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

श्री केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि कोई व्यक्ति कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो जाए, वह दैवीय न्याय से ऊपर नहीं है और सत्य की हमेशा जीत होती है। वहीं, मनीष सिसोदिया ने कहा कि उन्हें डॉ. बी आर अंबेडकर की परिकल्पना में बने संविधान पर गर्व है और बार-बार उन्हें बेईमान साबित करने की कोशिशों के बावजूद अदालत के फैसले ने उनके रुख को सही ठहराया है।

आप से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी अदालत के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी और उसके नेताओं को बदनाम करने की बड़ी साजिश उजागर हुई है। उन्होंने एक्स पर अपने बयान में केंद्र की सत्ताधारी व्यवस्था पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया और माफी की मांग की।

इस बीच, श्री केजरीवाल के वकील अधिवक्ता विवेक जैन ने कहा कि अदालत ने केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा पेश किए गए सभी साक्ष्यों की सावधानीपूर्वक जांच की और पाया कि कोई भी आरोप आरोप तय करने के लिए आवश्यक कानूनी मानकों पर खरा नहीं उतरता। उनके अनुसार, अदालत ने कहा कि रिकॉर्ड पर ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं है जो आरोपों की पुष्टि करता हो और यह भी नोट किया कि आबकारी नीति स्थापित संस्थागत प्रक्रियाओं के तहत तैयार की गई थी।

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार के पास सब कुछ है , इतने राज्यों में सरकार है , मगर इनको छोटी सी दिल्ली की सरकार से भी परेशानी थी। इनको किसी भी काम करने वाली सरकार से दिक्कत है, क्योंकि ख़ुद काम नहीं करना। इनकी सीबीआई, एसीबी, पुलिस किसी भी झूठी शिकायत पर केस दर्ज कर लेती है । जाँच में कुछ मिलता नहीं है मगर ईडी एक और मुकदमा दर्ज कर देती है । फिर ईडी कई सालों तक जाँच करती रहती है । शिकायतकर्ता, पुलिस, एसीबी, सीबीआई, ईडी , मीडिया सब तो इनके है। ये आरोपियों को जेल में डाल देते हैं और मुकदमा वर्षों तक शुरू नहीं करते । जो लोग जेल के नाम से डर जाते हैं उनको भाजपा में शामिल कर लेते हैं। विपक्षी पार्टी को तोड़ लेते हैं । बस यही खेल है, मीडिया का बड़ा हिस्सा इस खेल में शामिल है। झूठे मुकदमों में ईमानदार लोगों को दिन रात बदनाम किया जाता है।

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा कि सत्यमेव जयते! चाहे कितने भी झूठे आरोप लगाये, चाहे कितना अत्याचार किया, लेकिन आख़िरकर सच की जीत हुई। आज पूरे देश के सामने है - भाजपा का षड्यंत्र और अरविंद केजरीवाल की कट्टर ईमानदारी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित