घनौर , अप्रैल 07 -- यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंझर ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी (आप) पर आरोप लगाया कि श्री केजरीवाल गुजरात में पंजाब की बाढ़ स्थिति और मुआवजे को लेकर सफेद झूठ बोल रहे हैं।

श्री झिंझर ने कहा कि श्री केजरीवाल गुजरात की जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि वे पंजाब की ज़मीनी हकीकत से पूरी तरह अनजान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के बजाय श्री केजरीवाल और आप नेतृत्व 'बाढ़ टूरिस्ट' की तरह व्यवहार कर रहे हैं, जो केवल फोटो खिंचवाने आते हैं और लोगों को बिना किसी राहत के उनके हाल पर छोड़ देते हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए श्री झिंझर ने कहा कि बांधों के गलत प्रबंधन के कारण बाढ़ की स्थिति और भी भयावह हुई। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए 50,000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की घोषणा की थी, लेकिन आज तक एक भी रुपया नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री ने 2023 की बाढ़ के दौरान मृत पशुओं तक का मुआवजा देने का वादा किया गया था, लेकिन कुछ नहीं दिया गया। कपास की फसल में बीमारी से हुए नुकसान पर भी कोई सहायता नहीं मिली। वर्ष 2025 की बाढ़ पीड़ितों तक भी कोई राहत नहीं पहुंची है। 12,000 करोड़ रुपये का 'डिजास्टर मैनेजमेंट फंड' गायब है। गिरदावरी (नुकसान का आकलन) से पहले मुआवजा खातों में भेजने का वादा भी झूठा साबित हुआ।

उन्होंने कहा कि गुजरात में श्री केजरीवाल के उस बयान को उजागर किया जिसमें उन्होंने दावा किया था कि पंजाब के 23 जिलों के किसानों को 50,000 रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा दे दिया गया है। उन्होंने श्री केजरीवाल को 'पंजाब की राजनीति का सबसे बड़ा झूठा व्यक्ति' करार दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित